फंसे रहीं स्कूल और रोडवेज की बसें, गेट खुलने के बाद भी जाम खुलने में लग गए 15 मिनट
जाम के कारण बोर्ड परीक्षा के डर से कई परीक्षार्थी दूसरे रास्ते से निकले परीक्षा सेंटर
अड्डा बाजार। नौतनवा से गोरखपुर जा रही मालगाड़ी के इंजन का प्रेशर शुक्रवार की सुबह लीक होने से नईकोट रेलवे स्टेशन का निकटवर्ती उत्तरी गेट 35 सी 52 मिनट तक बंद रहा। इससे स्कूल बसों में बैठे बच्चे और अन्य राहगीरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। जाम इतना भीषण था कि गेट खुलने के बाद भी जाम खुलने में 15 मिनट से अधिक समय लग गया।
जाम में फंसे अनिल कुमार एडवोकेट, विनोद कुमार और संतोष ने बताया कि उनके बच्चों को बोर्ड परीक्षा देने के लिए नौतनवा पहुंचना था। देर तक गेट बंद होने की वजह से उन्हें परेशानी हुई। नौतनवा और कोल्हुई की ओर जाने वाले दर्जन भर से अधिक स्कूली बसें, रोडवेज, मालवाहक वाहन, बाइकें और कारें, टैक्सियों की लंबी कतार लग गईं। जाम के कारण कई परीक्षार्थी भी फंस गए थे। परीक्षा छूटने से परीक्षार्थी काफी परेशान रहे। ज्यादा देर लगती देख कुछ परीक्षार्थी रास्ता बदलकर स्कूल गए।
गेटमैन रामवृक्ष चौहान ने बताया कि नौतनवा से मालगाड़ी निकलने के लिए सुबह 7. 20 बजे लाइन दिया गया और गेट से ट्रेन गुजरने का 7-40 बजे संभावित समय दिया गया। उन्होंने मौके की स्थिति देखकर 7.22 बजे गेट बंद कर दिया। 8.14 बजे मालगाड़ी निकल गई तो उसके बाद गेट खोला गया। उन्होंने बताया कि कौलही और गजरही गांव के बीच इंजन का प्रेशर लीक हो जाने से ट्रेन वहीं रुक गई। परंतु चालक बार-बार गाड़ी का हार्न बजा रहा था। इससे लगता था कि ट्रेन अब जल्द पास हो जाएगी। ऐसे में गेट खोलना उनके लिए संभव नहीं था। देर होते देखकर नौतनवा स्टेशन मास्टर से गेट के भीड़ के बाबत बात किया। ट्रेन के ड्राइवर और गार्ड से स्टेशन मास्टर का संपर्क नहीं हो पा रहा था। गोरखपुर से संपर्क करके पता चला कि इंजन का प्रेशर लीक हो गया था।
वर्जन
ट्रेन इंजन का प्रेशर लीक हो गया था। ट्रेन के ड्राइवर और गार्ड से संपर्क नहीं हो पाने के चलते लोगों को समस्या हुई।
-जफरे आलम, रेलवे स्टेशन मास्टर, नौतनवा