सरकारी अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी, मरीज परेशान
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। अगर आप हृदय रोगी हैं तो जिला अस्पताल मत आइए, क्योंकि यहां हृदय रोग विशेषज्ञ तैनात ही नहीं हैं। यही नहीं, अस्पताल में आंख, कान व गला रोग के विशेषज्ञों की भी कमी है। डॉक्टरों की कमी का खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों से इलाज के लिए गोरखपुर जाने के लिए विवश होना पड़ रहा है। इस बीच जिला अस्पताल में सोमवार को करीब 800 मरीज पहुंचे। डॉक्टरों के कक्ष में भीड़ के कारण मरीजों को दिक्कत भी हुई। अस्पताल के पैथॉलाजी, एक्सरे, अल्ट्रासाउंड कक्ष में मरीजों को काफी भीड़ देखी गई।
जिला अस्पताल में कुल 34 डॉक्टरों की तैनाती होनी चाहिए। इसके सापेक्ष सिर्फ 22 की तैनाती है। अस्पताल में एक-एक फिजिशियन, चेस्ट, चर्म रोग, बाल रोग विशेषज्ञ तैनात हैं।
इनके अलावा दो रेडियोलाजिस्ट, एक पैथालाजिस्ट, एक बेहोशी के डॉक्टर भी तैनात हैं। इनके अलावा एक महिला रोग विशेषज्ञ भी तैनात है। जबकि अस्पताल में दो नेत्र रोग विशेषज्ञ और एक पद कान व गला रोग विशेषज्ञ के पद रिक्त हैं। इसी तरह से हृदय रोग विशेषज्ञ के एक पद है, उस पर भी कोई तैनात नहीं है। पैथालाजिस्ट का एक पद रिक्त है। आकस्मिक चिकित्साधिकारी के दो पद रिक्त हैं। इसके अलावा महिला आकस्मिक चिकित्साधिकारी के चार पद रिक्त हैं।