डीजल व पेट्रोल मूल्य में तीन-तीन रुपये हुई वृद्धि
कृषि बाहुल्यता से रहती मई-जून सर्वाधिक मांग
महराजगंज। वैश्विक तनाव भरे हालात और कच्चे तेल के दाम बढ़ने से पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल का रेट तीन-तीन रुपया बढ़ा दिया है। इस बढ़ोतरी से जनपदवासियों को अब पेट्रोल और डीजल पर रोज 30 लाख रुपये अधिक खर्च करने होंगे। मई व जून में यह रकम दोगुनी होगी क्योंकि कृषि कार्यों के कारण मई व जून का महीना सर्वाधिक डीजल डिमांड वाले महीनों में गिना जाता है। किसानों की माने तो अब कृषि में उत्पादन लागत बढ़नी तय है।
खाड़ी देशों में चल रहे तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेजी का असर अब आम लोगों पर पड़ा है। शुक्रवार को पेट्रोलियम कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल की कीमत में तीन-तीन रुपये का इजाफा किया है। अब तक प्रति लीटर 95.26 रुपये में बिक रहा पेट्रोल अब 98.21 रुपये और 88.42 रुपये लीटर में मिलने वाला डीजल अब 91.43 रुपये हो गया है। जिला पूर्ति कार्यालय के मुताबिक, जनपद में मई व जून के महीनों में डीजल बिक्री दोगुना हो जाती है। कारण कि मई धान उत्पादन के लिहाज से महत्वपूर्ण महीना होता है। इसमें बेहन डालने से लेकर रोपाई तक के कार्य निपटाए जाते हैं। ऐसे में मई व जून का महीना जिले में सर्वाधिक डीजल डिमांड का होता है।
1.45 लाख हेक्टेयर है जनपद में धान रकबा
जिला कृषि अधिकारी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जनपद में इस समय किसान धान बेहन डालने में जुटे हैं जिससे जून के पहले सप्ताह में रोपाई शुरू कर सकें। जनपद में पिछले बार 1.45 लाख हेक्टेयर धान का रकबा था इस बार भी इसी के आसपास रकबा रहने की संभावना है।
वर्जन
जनपद में नहरों से सिंचाई की सुविधा है, लेकिन पंपिंग सेट का उपयोग भी बड़े पैमाने पर होता है। डीजल रेट बढ़ने से उत्पादन लागत में इजाफा तय है जिससे किसानों का मुनाफा घटेगा। सरकार को विषम परिस्थितियों में कृषि कार्य के लिए सब्सिडी पर डीजल उपलब्धता सुनिश्चित करनी चाहिए।
- रामअशीष, जिलाध्यक्ष भारतीय किसान यूनियन, महराजगंज
प्रधानमंत्री ने डीजल पेट्रोल उपयोग में संयम बरतने की अपील की है, इसका मतलब यह नहीं कि हमारे, स्टॉक खत्म हो चुके हैं। स्टॉक पर्याप्त हैं बस हमें गैरजरूरी खपत कम करनी होगी। मई व जून सर्वाधिक डीजल खपत का महीना है। सब्सिडी पर शासन की तरफ से ही प्रबंध हो सकते हैं। पंप संचालक निजी स्तर से यह प्रबंध नहीं कर सकते।
- मो.सैफुल्लाह, अध्यक्ष पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन -महराजगंज