मार्च निकालते कांग्रेस कार्यकर्ता।
महराजगंज। सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश पर जूता फेंकने और रायबरेली में युवक की निर्मम हत्या जैसी घटनाओं के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी ने मंगलवार को जिला परिषद स्थित गांधी पार्क से सक्सेना चौराहे तक कैंडल मार्च निकाला।
नगर प्रभारी क्षितिज सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस मार्च में नेताओं ने इन घटनाओं को लोकतंत्र और संविधान के लिए खतरा बताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। क्षितिज सिंह ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के जज पर जूता फेंकना न केवल न्यायपालिका का अपमान है, बल्कि लोकतंत्र और संविधान की संस्थाओं को कमजोर करने का सुनियोजित प्रयास है। महात्मा गांधी और बाबा साहब भीमराव आंबेडकर के देश में ऐसी हरकतें अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की, तो पार्टी सड़क से संसद तक संघर्ष करेगी। मार्च में गामा प्रसाद, महेंद्र सिंह, नूर आलम, शंकर सिंह, प्रमोद सिंह, नरसिंह आदि शामिल रहे।