विधायक वीरेंद्र चौधरी ने महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे को सौंपा ज्ञापन
फरेंदा। पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) उदय बोरवणकर ने शुक्रवार को आनंदनगर जंक्शन का निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं और स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन परिसर, प्लेटफार्म, यात्री प्रतीक्षालय, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने स्टेशन के बाहर अमृत भारत योजना के अन्तर्गत होने वाले विकास कार्याें के प्लान के साथ रेलवे स्टेशन के सौंदर्यीकरण, यात्री सुविधाओं के आधुनिकीकरण व अपग्रेडेशन कार्यों की अधिकारियों से चर्चा की। जीएम ने स्टेशन पर विकास कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्टेशन परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान विधायक वीरेंद्र चौधरी ने महाप्रबंधक को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। विधायक ने बताया कि अमृत भारत पुनर्विकास योजना के दौरान 70 वर्षो से स्टेशन के पीछे 18 लाइसेंसी दुकान चला रहे दुकानदारों को हटा दिया गया है। उन दुकानदारों को खाली स्थान पर फिर से स्थापित किया जाना आवश्यक है। प्रेम पोखरा समपार फाटक संख्या 30 व 29 पर ओवरब्रिज की आवश्यकता है। इस दौरान स्टेशन अधीक्षक ओपी त्रिपाठी, वाणिज्य अधीक्षक पुरुषोत्तम, विजय तिवारी, पीडब्लूआई जेपी गुप्ता, इसरार अहमद, उमाकांत सिंह, आशुतोष आदि मौजूद रहे।