जिला संयुक्त चिकित्सालय में तैयार हो चुका है 50 बेड के क्रिटिकल केयर यूनिट
सीएमओ ने शासन को पत्र भेजकर बजट को स्वीकृत कर धनराशि आवंटित करने की मांग की
महराजगंज। जिला संयुक्त चिकित्सालय में तैयार 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक को संचालित करने की कवायद तेज हो गई है। यूनिट के संचालन के लिए मेडिकल गैस पाइप लाइन और एयर हैंडलिंग यूनिट की स्थापना की जानी है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने शासन को पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने दो अगस्त को महानिदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं को भेजे गए पत्र में जिला संयुक्त चिकित्सालय में स्वीकृत 50 बेड वाले क्रिटिकल केयर ब्लॉक में मेडिकल गैस पाइप लाइन और एयर हैंडलिंग यूनिट की स्थापना का मुद्दा उठाया है। पत्र में बताया गया है कि इन सुविधाओं की स्थापना के लिए कार्यदायी संस्था की ओर से 3.05 करोड़ रुपये का आगणन प्रस्तुत किया गया है। उन्होंने बजट स्वीकृत करके आवंटित करने की मांग की है।
क्रिटिकल केयर यूनिट में गंभीर मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की जरूरत होगी। गंभीर मरीजों के उपचार के दौरान ऑक्सीजन और अन्य मेडिकल गैस की लगातार आपूर्ति बेहद महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में पाइप लाइन सिस्टम स्थापित होने के बाद बेड तक मेडिकल गैस की आपूर्ति व्यवस्थित तरीके से की जा सकेगी। वहीं एयर हैंडलिंग यूनिट के माध्यम से क्रिटिकल केयर ब्लॉक में आवश्यक वातावरण और वायु गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि क्रिटिकल केयर यूनिट के संचालन को लेकर शासन को पत्र लिखा गया है। मेडिकल गैस पाइप लाइन लगने के बाद यूनिट को संचालित कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जरूरी व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद गंभीर मरीजों को जिला अस्पताल में ही बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में सुविधा विकसित होगी।
50 बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट शुरू होने के बाद गंभीर मरीजों के उपचार की जिला अस्पताल में क्षमता बढ़ेगी। आपात स्थिति में मरीजों को तत्काल निगरानी और उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।