निचलौल। सिंदुरिया से सिसवा जाने वाली सात मीटर चौड़ी सड़क का करीब आठ माह से निर्माण चल रहा है। इसके लिए ठेकेदार की ओर से निचलौल चिउटहा मार्ग स्थित देऊरवा गांव के पास हॉट मिक्स प्लांट लगाया गया है।
अधिकारियों की उदासीनता के चलते ठेकेदार की ओर से मनमानी की जा रही है। हॉट मिक्स प्लांट की भट्ठी से निकलने वाले काला धुएं के साथ केमिकल युक्त धूल लोगों के लिए मुसीबत बनता जा रहा है। ठेकेदार सभी नियम एवं कानून को ताक पर रखकर पर्यावरण दूषित करने के साथ ही लोगों के स्वास्थ्य के साथ भी खिलवाड़ कर रहे हैं।
हॉट मिक्स प्लांट से सटे निचलौल चिउटहा मुख्य सड़क से होकर गुजर रहे राहगीर कमलेश गौतम, वीरेंद्र चौबे, लालजी पांडेय, सुदामा आदि ने बताया कि पर्यावरण हमारे स्वास्थ्य को सर्वाधिक प्रभावित करता है। बीते करीब आठ माह से वायु प्रदूषण के कारण इन आसपास के गांवों में ठहरना तो दूर इस रास्ते से होकर गुजरना भी दुश्वार हो चुका है। हॉट मिक्स प्लांट से हर रोज निकलने वाला काला धुआं के साथ केमिकल युक्त प्रदूषित धूल पर्यावरण को दूषित कर रहे हैं।
इतना ही नहीं हॉट मिक्स प्लांट की भट्ठी मामूली ऊंचाई पर होने के चलते फसलों पर भी इसका असर दिखाई दे रहा है। इन लोगों ने आगे कहा की रास्ते से गुजरने वाले और हॉट मिक्स प्लांट से सटे बस्ती के लोगों को सांस लेने में काफी परेशानी हो रही है। इस मामले में हॉट मिक्स प्लांट की देखरेख करने वाले उच्च कर्मी मिंटू सिंह से जानकारी ले लीजिए। उसके बाद जानकारी लेने पर मिंटू सिंह ने कहा कि मामले में विभाग के अधिकारियों से बात हो गई है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता धर्मपाल सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए हॉट मिक्स प्लांट को संचालित करने वाले ठेकेदार ने कार्यालय में पर्यावरण पत्र दिया है। मनमानी पर कार्रवाई होगी।ि