महराजगंज। जिले के तीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से जुड़े मरीजों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें अल्ट्रासाउंड जांच के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। शासन की ओर से स्वीकृति मिलने के बाद ठूठीबारी, चौक और परतावल सीएचसी पर जल्द ही डिजिटल अल्ट्रासाउंड मशीनों की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इसके लिए शासन ने 39 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। जानकारी के अनुसार, जिले में परतावल, चौक और ठूठीबारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जुड़े मरीजों को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए जिला अस्पताल या फिर निजी केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ता था।
कई बार सुविधाओं की कमी के कारण उन्हें दूर-दराज के शहरों तक भी जाना पड़ता था, लेकिन अब स्वास्थ्य केंद्रों पर डिजिटल अल्ट्रासाउंड मशीनें उपलब्ध होने से मरीजों को त्वरित और सटीक जांच की सुविधा मिल सकेगी।