सड़क हादसे में चार युवकों की मौत से गम में डूबा गांव
अंतिम संस्कार के दौरान भावुक हुआ माहौल
निचलौल। सड़क दुर्घटना में बाइक सवार चार युवकों की मौत से पूरा गांव मंगलवार की रात से ही गमजदा था। बुधवार को जब नारायणी नदी की देवरिया शाखा नहर के किनारे पचमा गांव के पास तीनों दोस्तों की चिताएं एक साथ जलीं तो वहां मौजूद ग्रामीण, रिश्तेदार से लेकर पुलिस-प्रशासन के अधिकारी भी भावुक हो उठे। तीनों दोस्तों की एक साथ जलती चिताओं का दृश्य देखकर हर आंख हो गई।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार की रात करीब साढ़े आठ बजे दमकी गांव के सामने निचलौल-गोरखपुर हाईवे पर डंपर की टक्कर से चार युवकों की मौत गई। बुधवार को अंतिम संस्कार के दौरान कुछ समय के लिए आसमान में बादल छा गए। ऐसा लग रहा था मानो प्रकृति भी इस दुख की घड़ी में परिवारों के साथ खड़ी हो और उनके दर्द को महसूस कर रही हो।
एक साथ पले-बढ़े और हर सुख-दुख में साथ रहने वाले तीन दोस्तों को अंतिम विदाई देते समय परिजन की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया। तीनों दोस्तों की एक साथ जली चिताओं को देखकर ग्रामीणों की आंखों से आंसू छलक पड़े। ग्रामीणों का कहना था कि तीनों की दोस्ती की मिसाल पूरे गांव में दी जाती थी।
किसी ने भी नहीं सोचा था कि उनकी इस दोस्ती का इतना दर्दनाक अंत होगा। अंत्येष्टि स्थल पर एसडीएम सिद्धार्थ गुप्ता, सीओ रविंद्र कुमार सिंह, तहसीलदार अमित कुमार सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय, विवेक सिंह, मनीष पटेल समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
फोटो परिचय : नारायणी नदी की देवरिया शाखा नहर पर पचमा गांव के पास एक साथ जलतीं तीनों दोस्तों की चिताएं।