महराजगंज। मौसम में आई तब्दीली के कारण बारिश की रिमझिम फुहारों ने तापमान गिराया है, लेकिन इसके चलते सर्दी, खांसी के साथ वायरल बुखार का संक्रमण तेज हो गया है। 13 बुखार के मरीज पहुंचे। चिकित्सकों की जांच में वायरल की पुष्टि हुई।
बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 723 मरीजों का उपचार किया गया, जिसमें सर्वाधिक संक्रमण के रहे। ओपीडी में खांसी, बुखार के मरीजों की जांच रिपोर्ट देख डाॅ. पवन कुमार ने बताया कि गर्मी व बारिश के कारण सर्दी खांसी व बुखार का संक्रमण तेज हुआ है। लोगों को ऐसे मौसम में भीगने से बचने की सलाह दी जा रही है।
अगर रास्ते में भीग गए हैं तो घर पहुंचकर स्नान जरूर कर लें, जिससे बारिश के पानी का असर समाप्त हो सके। इसके अलावा खान पान में सावधानी भी जरूरी है। बहुत अधिक ठंडा पानी या बर्फ मिले जूस, मिल्क शेक इत्यादि खांसी जैसे रोग पैदा करते हैं।
सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि गर्मी व बारिश के संयोजन से वायरल का संक्रमण तेज हुआ है। लोगों को ऐसे मौसम से बचने की सलाह व दवाओं की उपलब्धता कराई जा रही है।