महराजगंज। दीवानी न्यायालय परिसर में शुक्रवार को गवाहों के बयान के दौरान अधिवक्ता से मार-पीट करने के मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। न्यायालय ने आरोपियों को जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, घुघुली थाना क्षेत्र के हरखपुरा निवासी अधिवक्ता ऐनुल होदा सिद्दीकी ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में विस्तार से घटना का जिक्र किया है। उनके अनुसार, वह सिविल जज (जूनियर डिवीजन) की अदालत में एक चल रहे मुकदमे में गवाहों का बयान करा रहे थे। इसी दौरान नौतनवा क्षेत्र के चकदह टोला मगरभौली निवासी अनवर और मुस्तकीम वहां पहुंचे। दोनों ने अधिवक्ता के कार्य में बाधा डालना शुरू कर दिया। सिद्दीकी ने उन्हें समझाने-बुझाने की कोशिश की लेकिन दोनों आक्रोशित हो गए। आरोपियों ने अधिवक्ता पर टूट पड़ते हुए गाली-गलौज की और हमला कर दिया। हमले के दौरान अधिवक्ता को चोटें आईं। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे दो अधिवक्ताओं आशुतोष पाण्डेय और सदरे आलम पर भी आरोपियों ने हमला बोल दिया। कोर्ट परिसर में अचानक मची अफरा-तफरी से मौजूद लोग सहम गए। गवाह, अन्य अधिवक्ता और कोर्ट स्टाफ में दहशत का माहौल पैदा हो गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची।
कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि अधिवक्ता ऐनुल होदा सिद्दीकी की तहरीर पर अनवर और मुस्तकीम के खिलाफ (हत्या का प्रयास), जानबूझकर अपमान, आपराधिक धमकी और स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) और अन्य प्रासंगिक धाराओं में केस दर्ज किया गया। घायल अधिवक्ता का मेडिकल परीक्षण जिला अस्पताल में कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।