नगर पंचायत घ्रुघली में बुझे अलाव के पास बैठा व्यक्ति।
घुघली। स्थानीय नगर पंचायत में लोगों को ठंड से बचने के लिए है पहले ही टेंडर निकाल कर लकड़ी की खरीदारी तो कर ली गई, लेकिन ठंड शुरू होते ही प्रमुख स्थानों से अलाव गायब हो गए। बुझे हुए अलाव के सहारे नगर पंचायत की ओर से ठंड से मुकाबला करने की तैयारी चल रही है।
मंगलवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सुबास चौक, रेलवे स्टेशन के पीछे आदि स्थानों पर सर्द हवाओं व ठिठुरन के बीच दिन में अलाव बुझे हुए मिले। इन स्थानों पर राख थी। लकड़ी नहीं दिखाई दी। टैक्सी स्टैंड, बस स्टैंड बैंक के सामने आदि जैसे सार्वजनिक स्थानों पर अलाव नहीं जल रहा था। शहर में लोगों को ठंड से बचने का कोई उचित प्रबंध नहीं है।
शहर के मुख्य चौराहे पर नगर पंचायत की ओर से अलाव की व्यवस्था हुई है, लेकिन यहां लकड़ियां जल गईं थीं केवल रख बची थी। इसमें एक बुजुर्ग बैठकर ठंड दूर करने के लिए आग ढूंढ रहा था। यही हाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर है इलाज करने के लिए बाइक से पहुंचे कमलेश ने बताया कि आग रहती तो कुछ ठंड दूर होती। यहां तो केवल राख बची है ठंड कैसे दूर होगी। शहर लोगों ने बताया कि शहर में अलाव के नाम पर व्यवस्था ठीक नहीं है। ठंड बढ़ने के चलते लोगों को परेशानी हो रही है, लेकिन जिम्मेदार अलाव जलाने के लिए गंभीर नहीं दिख रहे हैं।
उपजिलाधिकारी रमेश कुमार ने कहा की शहर में 12 जगह अलाव जल रहे हैं। अलाव की कमी कही नहीं है। यदि कहीं नहीं जल रहा है तो प्रबंध करा दिया जाएगा।