मृतक दिनेश गुप्ता के रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : MAHARAJGANJ
कार्यक्रम में गए युवक का शव नहर में मिला
अड्डा बाजार (महराजगंज)। नौतनवां थानाक्षेत्र के ग्राम भैसहिया पाठक के पास बुधवार सुबह नहर में युवक का शव मिला। शव के पास बाइक भी पड़ी थी। पुलिस ने उसकी शिनाख्त नई कोर्ट निवासी 35 वर्षीय दिनेश गुप्ता रूप में की। परिजनों को सूचना देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पत्नी विमला के मुताबिक पति दिनेश मंगलवार रात बाइक से बेलवा चौराहे पर एक दुकान के उद्घाटन में गए थे। रात करीब आठ बजे मोबाइल फोन पर दो घंटे के अंदर घर पहुंचने की बात कही थी। देर रात तक जब वे नहीं पहुंचे तो परिजन परेशान हो गए। उनके मोबाइल पर फोन करने पर कोई जवाब नहीं मिला। सुबह भैसहिया पाठक के पास लोगों ने नहर में बाइक समेत युवक को गिरा देखा। इसकी सूचना पुलिस को सूचना दी गई। नौतनवां थाने के प्रभारी राजेश कुमार पांडेय ने बताया कि युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा।
मासूमों के सिर से उठ गया पिता का साया
दिनेश गुप्ता की मौत से मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। दिनेश शनिवार को चेन्नई से लौटे थे। चार भाइयों में वह तीसरे नंबर पर थे। तीनों अलग-अलग रहते हैं। मां कलावती, पिता झगरू, पत्नी विमला, बेटा राज (05) व बेटी सुनीता (03) के पालन-पोषण की जिम्मेदारी उनके कंधों पर थी।
पहली पत्नी की दस वर्ष पहले हो चुकी थी मौत
विमला मृतक दिनेश गुप्ता की दूसरी पत्नी है। पहली पत्नी की दस वर्ष पहले मौत हो गई थी। इस मामले में दिनेश को जेल भी जाना पड़ा था। वह जमानत पर बाहर था।