आश्वासन पर माने जिला पंचायत सदस्य, धरना खत्म
स्थानीय स्तर की समस्याओं को हल करने पर बनी सहमति
महराजगंज। अधिकारों में वृद्धि समेत अन्य मांगों को लेकर जिला पंचायत सदस्यों का जिला पंचायत कार्यालय में चल रहा धरना आठवें दिन अपर मुख्य अधिकारी के आश्वासन पर समाप्त हो गया। इस दौरान स्थानीय स्तर की समस्याओं को दूर पर सहमति बनी।
जिला पंचायत सदस्यों ने ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत व जिला पंचायत सदस्यों को प्रतिमाह मानदेय देने, पंचायत प्रतिनिधियों के निधन पर मुआवजा देने, शासन से प्राप्त धनराशि को सभी जिला पंचायत सदस्यों में बराबर-बराबर बांटने, जिला पंचायत में लंबे समय से जमे कर्मियों के तबादला करने, जिला पंचायत सदस्यों से प्रस्ताव लेकर कार्य कराने, जिला पंचायत में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने आदि मांगों को लेकर आठ दिनों तक धरना दिया।
बुधवार को धरना स्थल पर पहुंचे अपर मुख्य अधिकारी रमेश सिंह ने धरने पर बैठे प्रेमशंकर पांडेय, सुरेश चंद साहनी आदि को आश्वस्त किया कि स्थानीय स्तर की मांगों को जल्द पूरा कराया जाएगा। सुरेश चंद साहनी ने कहा कि अपर मुख्य अधिकारी के आश्वासन पर धरना समाप्त किया जा रहा है। इस दौरान अनवर अली, हरिनाथ यादव, दुर्गा यादव, मोहम्मद रफीक, गंगासागर, जेठू साहनी, मोहम्मद शोएब, कुलदीप कुमार, रामबेलास, सुधांशु चंद, आल्हा, पप्पू, बनारसी, शकीना खातून, मालती, शारदा, कतवारी, मोनिका, पूनम, निर्मला, उदासी, नागेंद्र यादव, बेधड़क शर्मा आदि मौजूद रहे।