ठूठीबारी। सऊदी अरब से 24 दिन बाद बोदना गांव में जब सुरेंद्र प्रजापति का शव शनिवार को उनके घर पहुंचा तो कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, ठूठीबारी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा बोदना निवासी सुरेंद्र प्रजापति (38) दो वर्ष पहले रोजी-रोटी के सिलसिले में सऊदी अरब कमाने गए थे। बताया जाता है कि वह 15 जून को घर बोदना लौटने वाले थे।
इसके लिए सुरेंद्र का वापसी टिकट भी बन चुका था, लेकिन अचानक तबीयत खराब हो जाने से 29 मई को उनकी मौत हो गई। सुरेंद्र अपने परिवार में कमाने वाला इकलौते थे।
उनके कंधों पर बेटियां मनीषा (16), सुनीता (13), बेटा मनीष (10) व अमित (8) के परवरिश की जिम्मेदारी थी। घटना के बाद पत्नी बासमती देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्राम प्रधान कमलेश साहनी ने बताया की इस दुःख की घड़ी में पीड़ित परिवार को हर संभव मदद की जाएगी।