कार्यदायी संस्था की बिगड़ी चाल, कीमत पड़ी साढ़े चार करोड़
पांच साल से हो रहा सर्वोदय विद्यालय का निर्माण, लागत 24.68 से बढ़कर हुई 29 करोड़
जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में कक्षा छह से 12वीं तक की होगी पढ़ाई
महराजगंज। जिले के बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से धनेवा धनेई में बन रहा जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय पांच साल बाद भी अधूरा पड़ा है। सीबीएसई के इस आवासीय विद्यालय का निर्माण 24.68 करोड़ में होना था, लेकिन कार्यदायी संस्था की मंथर गति ने इसमें साढ़े चार करोड़ का इजाफा कर दिया है। अब स्कूल 29 करोड़ में बनकर तैयार होगा।
सर्वोदय विद्यालय का निर्माण वर्ष 2017 में शुरू हुआ था। 2020 में इस बनकर तैयार होना था। तब इसकी लागत 24.68 करोड़ रुपये तय की गई थी। यूपी स्टेट कंस्ट्रक्शन एंड इंफ्रास्टक्चर डेवलपमेंट कारपोरेशन लिमिटेड को कार्यदायी संस्था बनाया गया था। 21 करोड़ रुपये भी जारी कर दिए गए थे। आरंभ में निर्माण की गति तेज रही, लेकिन समय के साथ रफ्तार घटती गई।
पांच साल बाद विद्यालय की संशोधित लागत 29 करोड़ रुपये तय की गई है। शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द की शेष राशि मिलने की उम्मीद है। पुस्तकालय, अध्ययन कक्ष, छात्रावास, मेस, प्रयोगशाला व कांफ्रेंस हॉल तैयार हो चुके हैं। गेट से प्रवेश करते ही बाईं ओर जेनरेटर पड़ा है, जो खराब होने की स्थिति में पहुंच चुका है। परिसर में झाड़ियां उग आई हैं। मुख्य भवन के बगल में बनी बिल्डिंग भी अधूरी है। कर्मचारी आवास एवं हॉस्टल का ढांचा तैयार है। प्लास्टर का काम अभी बाकी है।
समाज कल्याण विभाग से संचालित होने वाले इस विद्यालय में बच्चों को कक्षा छह से 12वीं तक की शिक्षा मिलेगी। पहले इसे यूपी बोर्ड के तहत संचालित करने की योजना थी, लेकिन अब यह सीबीएसई स्कूल होगा।
-------------
कोट--
- विद्यालय भवन का करीब 85 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। बढ़ी हुई धनराशि जल्द ही जारी हो जाएगी। कार्यदायी संस्था को निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यालय का निरीक्षण किया जा चुका है। खामियों को दूर करने को कहा गया है। - सत्येंद्र कुमार, जिलाधिकारी
---------------
- फाइल देखने के बाद ही निर्माण में देरी के बारे में जानकारी हो सकेगी। वैसे आज छुट्टी का दिन है। छुट्टी के दिन मैं किसी से बात नहीं करता। कार्यालय समय में इससे जुड़ी जानकारी दी जा सकेगी।
- शंकर लाल, जिला समाज कल्याण अधिकारी