महराजगंज। उत्तर प्रदेश प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को लेकर रविवार को कस्बे में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। परीक्षा केंद्रों पर परीक्षार्थियों की संभावित भीड़ और जाम की समस्या से बचने के लिए भारी एवं वाणिज्यिक वाहनों के प्रवेश पर 12 घंटे तक प्रतिबंध रहेगा। यह व्यवस्था एक नवंबर को सुबह सात बजे से शाम सात बजे तक लागू रहेगी।
एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कस्बे के छह परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगी। परीक्षार्थियों को केंद्रों तक पहुंचने में परेशानी न हो और यातायात सुचारु बना रहे, इसके लिए यह निर्णय लिया गया है।
भारी वाहनों को रोकने के लिए चार स्थानों पर नो-एंट्री और डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं। इनमें सिंदुरिया, शिकारपुर, झनझनपुर और पकड़ी चौकी शामिल हैं। इन स्थानों से भारी एवं वाणिज्यिक वाहनों को कस्बे में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इन पर लागू नहीं होगा प्रतिबंध
आपातकालीन सेवाओं और रोडवेज यात्री बसों के संचालन पर प्रतिबंध लागू नहीं होगा। पुलिस ने वाहन चालकों और आमजन से निर्धारित यातायात व्यवस्था का पालन करने की अपील की है।