सोनौली। भारत-नेपाल के सोनौली बॉर्डर पर स्थित आव्रजन (इमिग्रेशन) कार्यालय के बाहर भिखारियों का जमावड़ा पर्यटकों के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। शनिवार शाम करीब 5:30 बजे पर्यटकों से पैसे मांगने को लेकर जमकर हंगामा हुआ। इस दौरान भिखारियों और बस चालकों के बीच कहासुनी भी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, सोनौली सीमा से प्रतिदिन एक हजार से अधिक पर्यटकों का भारत और नेपाल के बीच आवागमन होता है। सीमा पार करने वाले विदेशी पर्यटकों को आव्रजन कार्यालय में पासपोर्ट, वीजा और अन्य जरूरी दस्तावेज की जांच करानी पड़ती है। इस प्रक्रिया में पर्यटकों और उनके वाहनों को कुछ समय तक कार्यालय के आसपास रुकना पड़ता है।
इसी का फायदा उठाकर कुछ भिखारी कार्यालय के बाहर और पर्यटक बसों के आसपास जमा हो जाते हैं। शनिवार को पर्यटकों को लेकर पहुंची बसों के बाहर कुछ लोगों ने पैसे देने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। बस चालकों ने उन्हें हटाने की कोशिश की तो कुछ महिलाएं विरोध करने लगीं। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मौके पर हंगामा होने लगा।
सूचना मिलने पर सोनौली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर स्थिति सामान्य कराई। मौके पर पहुंचे सोनौली उप निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को समझाकर अनावश्यक लोगों को वहां से हटाया गया।