महराजगंज। जिले में नए साल में बदहाल सड़कों की सूरत बदल जाएगी। इसके लिए शासन ने जिले की 33 ग्रामीण सड़कों की मरम्मत के लिए 681.04 लाख रुपये स्वीकृत की है। इससे 37 किमी ग्रामीण सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी।
प्रमुख अभियंता लोक निर्माण विभाग द्वारा जारी आवंटित धनराशि सूची में महराजगंज जनपद की कुल 33 सड़कों के लिए 681.04 लाख रुपये स्वीकृत हुआ है। इसमें से जिले को कुल 544.83 लाख रुपये आवंटित की गई है। लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड की 15 सड़कों के लिए 274.42 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसमें से 219.53 लाख रुपये आवंटित हुई है। वहीं निर्माण खंड की 18 सड़कों के लिए 406.62 लाख रुपये स्वीकृत की गई है। इसके लिए 325.30 लाख रुपये आवंटित किया गया है। इन सड़कों की मरम्मत होने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर होगा।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता गंगा सागर ने बताया कि जिले के दो खंड की 33 सड़कों की मरम्मत के लिए शासन ने 544.83 लाख रुपये आवंटित किया है। जल्द काम शुरू हो जाएगा।