महराजगंज। घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत बरवा खुर्द स्थित नहर पटरी के किनारे से पुलिस, एसओजी और स्वाट की संयुक्त टीम ने महिलाओं के आभूषण उड़ाने के आरोपी झगहा निवासी सुरेंद्र को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। बाद में पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, आरोपी सुरेंद्र जायसवाल उर्फ सुरेंद्र तिवारी निवासी थुन्ही बाजार, थाना झगहा जनपद गोरखपुर जो वर्तमान में कुशीनगर जिले के थाना हाटा अंतर्गत गांव पड़री में रहता है। आरोपी ने 19 मई को घुघली थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव भुवना से एक महिला को झांसे में लेकर कान का टप्स, मंगलसूत्र लाकेट व नाक की कील लेकर फरार हो गया था।
इस मामले में पीड़िता की तहरीर पर आरोपी सुरेंद्र जायसवाल उर्फ सुरेंद्र तिवारी के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर तलाश की जा रही थी। इसी बीच मुखबिर की सूचना पर एसओजी और स्वाट टीम ने आरोपी को बरवा खुर्द के पास नहर पटरी से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ घुघली थाना के साथ ही कोठीभार व कोल्हुई थाने में भी महिलाओं से आभूषण ठगी करने का केस दर्ज था।
गिरफ्तार आरोपी की तलाशी लेने पर उसके पास से एक पीली धातु की अंगूठी, एक जोड़ी कान का झुमका, एक पीली चेन, मंगलसूत्र का लाकेट, नाक की कील, एक जोडी कान का टप्स और बाइक बरामद हुई है। मामले में आरोपी सुरेंद्र को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।