महराजगंज। घर से प्रेमी संग भागी किशोरी रविवार की सुबह करीब 10 बजे फरेंदा स्थित एक कबाड़ के गोदाम में मिली। पुलिस ने ढूंढ कर उसके परिजनों को सौंप दिया। पुलिस को यह सफलता गोदाम कर्मी की सूझबूझ और मदद से मिली।
जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की किशोरी अपने प्रेमी के साथ बृहस्पतिवार की शाम घर से लापता हो गई थी। घर वाले उस रात को अपने रिश्तेदारों के वहां पता किया, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। शुक्रवार को किशोरी की मां ने सदर कोतवाली में गुमशुदगी की तहरीर दी। इसके बाद पुलिस खोजबीन में जुटी हुई थी।
रविवार की सुबह करीब 10 बजे फरेंदा रोड स्थित एक कबाड़ के गोदाम में काम करने वाला कुशीनगर निवासी युवक कोतवाली पहुंचा और बताया कि उसके गोदाम में एक लड़का और लड़की देर रात से रुके हैं जो घर से भागे हुए लगते हैं।
पुलिस ने उससे हुलिया मिलान कराया तो वहीं लड़की साबित हुई जो पिछले तीन दिन पहले घर से लापता हो गई थी और उसकी मां हर रोज कोतवाली में पता लगाने के लिए दौड़ रही थी। पुलिस ने गोदाम पहुंचकर किशोरी व प्रेमी को कोतवाली लेकर पहुंची। कोतवाली पुलिस ने दोनों के परिजनों को बुलाया और समझा-बुझाकर दोनों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र राय के अनुसार, दोनों पक्षों ने सुलह समझौता कर लिया है। किशोरी को उसके परिजनों को सौंप दिया गया।