खुशहालनगर/भिटौली। घुघली थाना क्षेत्र में शनिवार की रात चोरों ने खूब आतंक मचाया। एक ही रात पांच घरों के ताले तोड़कर हजारों के सामान उड़ा ले गए। वारदात के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। घटना की सूचना मिलते ही घुघली पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, घुघली थाना क्षेत्र के परसौनी बुजुर्ग और पकड़ी विशुनपुर यादव टोला में चोरों ने एक साथ पांच घरों को निशाना बनाया। परसौनी बुजुर्ग में प्रेमनारायण सिंह, जितेंद्र शर्मा और राधेश्याम के घरों में चोरी हुई, जबकि पकड़ी विशुनपुर छप्पन टोला में संहारू यादव और कपिलदेव के घर को चोरों ने अपना निशाना बनाया है।
पीड़ितों के अनुसार, चोरों ने घरों के ताले काटकर अंदर प्रवेश किया और लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। चोरी की इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की गश्त बढ़ाने की मांग की। थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह के अनुसार, तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। जल्द मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।