सोशल मीडिया पर टिप्पणी को लेकर विरोध करती महिला शिक्षक।
परतावल। ब्लॉक के एक परिषदीय विद्यालय में तैनात एक शिक्षक ने ब्राह्मण महिलाओं के प्रति आपत्तिजनक एवं अभद्र टिप्पणी करने के बाद मामला तनावपूर्ण हो गया है। इसको लेकर स्थानीय शिक्षकों में आक्रोश है। शिक्षकों ने टिप्पणी करने वाले शिक्षक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की हैं। इस मामले में आरोपी शिक्षक पर श्यामदेउरवा थाने में केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं बीएसए ने कार्रवाई करते हुए शिक्षक को निलंबित कर दिया है।
खंड शिक्षा अधिकारी परतावल ने परिषदीय विद्यालयों के शिक्षकों के लिए एकेडमिक इंफो परतावल नामक ग्रुप बनाया है, जिसमें क्षेत्र के सभी प्रधानाध्यापक और शिक्षक जुड़े हुए है। इसमें सूचनाओं का आदान प्रदान किया जाता है। शिक्षक भी विभाग से जुड़ी अपनी समस्याओं को भेजकर इसमें समाधान पाते है। बताया जा रहा है कि बुधवार की रात एक शिक्षक की ब्राह्मण महिलाओं के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के बाद विभाग में हड़कंप मच गया।