दूसरे के नाम पर नौकरी कर रहा शिक्षक फरार
दूसरे नोटिस के बाद भी उपस्थित न होने पर होगी कार्रवाई
फरेंदा/धानी। दूसरे के नाम पर फर्जी नौकरी करने का मामला सामने आया तो बेसिक शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया। जानकारी होने के बाद आरोपित शिक्षक फरार हो गया। अब विभाग ने दूसरी नोटिस जारी किया है। इसके बाद भी उपस्थित न होने पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
धानी विकास खंड के प्राथमिक विद्यालय कोइलाडाड में प्रधानाध्यापक पद पर कार्यरत अखिलेश कुमार पांडेय की नियुक्ति वर्ष 2013 में हुई थी। एसटीएफ की जांच में फर्जी नियुक्ति का मामला सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने अक्तूबर में शिक्षक को समस्त अभिलेख के साथ प्रस्तुत होने की नोटिस जारी की, लेकिन आरोपित शिक्षक अखिलेश कुमार पांडेय हाजिर नहीं हुए। विभाग ने शिक्षक को 6 दिसंबर को दोबारा समस्त अभिलेख के साथ बुलाया है। शिक्षक पर आरोप है कि वह बलिया जिले के एक ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत अखिलेश कुमार के नाम पर धानी ब्लॉक में नौ वर्ष से नौकरी कर रहा है।
एबीएसए अगनिक कुमार गौड़ ने बताया कि दूसरे के प्रमाणपत्र पर नौकरी करने का मामला सामने आया था। नोटिस देकर शिक्षक को उपस्थित होने का आदेश दिया गया था। फिर नोटिस दिया गया है। वेतन रोककर मामले की जांच चल रही है। बीएसए ओमप्रकाश यादव ने कहा कि शिक्षक को दूसरी नोटिस जारी कर दी गई है। निर्धारित तिथि पर हाजिर न होने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।