सीडीओ से मिले स्वच्छाग्रही, निश्चित मानदेय की मांग
महराजगंज। स्वच्छ भारत मिशन योजना के तहत जिले में शौचालय निर्माण की प्रेरणा प्रदान करने वाले स्वच्छाग्रहियों ने मनरेगा में मेठ पद पर चयनित किए जाने तथा निश्चित मानदेय देने को लेकर सोमवार को सीडीओ से मुलाकात की तथा ज्ञापन सौंपा।
अपने ज्ञापन में स्वच्छाग्रहियों ने कहा कि वे ग्राम पंचायतों में स्वच्छता के विकास को लेकर नियमित रूप से प्रयास कर रहे हैं। नवीन कार्य योजना के अंतर्गत हमें ग्राम पंचायत के काम से नजरंदाज किया जा रहा है। कोविड काल में सभी ने बिना मानदेय के पूरी ईमानदारी से कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी से बचाव के लिए ग्राम पंचायत में घर-घर जाकर प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक किया गया।
जन जागरण अभियान को सफल बनाने व होम क्वारंटीन व्यक्तियों पर नजर रखने में भी सक्रिय योगदान दिया गया। कार्यों के प्रति हमारी तत्परता को देखते हुए ग्राम पंचायत में मनरेगा के अंतर्गत मेठ पद पर समायोजित कर हम सभी को निश्चित मानदेय उपलब्ध कराया जाए। ज्ञापन देने के दौरान वशिष्ट पांडेय, राकेश कन्नौजिया, भरत सिंह, अंबिका, रीतू गुप्ता, अंगिरा, अजय कुमार, अमित चौबे, अखिलेश कुमार, दीपक पासवान, संदीप खरवार, चंदकिशोर गुप्ता, परमवीर वर्मा, प्रेमचंद प्रजापति आदि मौजूद रहे।