महराजगंज। परिषदीय स्कूलों में समर कैंप का ध्येय शैक्षिक कौशल के साथ शारीरिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास के लिए रुचि बढ़ाना है। जनपद के 661 स्कूलों में समर कैंप चल रहा है।
यहां का आयोजन देखकर कहा जा सकता है कि गोरखपुर मंडल में सबसे उत्कृष्ट समर कैंप का आयोजन महराजगंज में हो रहा है। उक्त बातें एडी बेसिक गोरखपुर विनोद कुमार मिश्र ने कही। वह बुधवार को बीएसए रिद्धि पांडेय के साथ कंपोजिट गिरहिया बंजारीपट्टी में समर कैंप निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। समर कैंप में बच्चों ने क्या सीखा इसकी जानकारी ली।
बच्चों ने समर कैंप से मिले नृत्य, गायन, साइकिल रेस, शतरंज इत्यादि की न सिर्फ जानकारी दी बल्कि प्रदर्शित भी किया। एडी बेसिक व बीएसए ने समर कैंप में बच्चों के साथ कैरम खेल कर उत्साहित किया। इस दौरान स्कूल के टीएलएम, लर्निंग बाई डूईंग कक्ष और आईसीटी लैब का निरीक्षण किया।
एडी बेसिक व बीएसए के पहुंचने की सूचना पर बीईओ आनंद कुमार मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और दोनों अधिकारियों का स्वागत बुके देकर किया। राष्ट्रीय आय आधारित छात्रवृति परीक्षा में बेहतर अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मान पत्र भी दिया गया। बीएसए ने कहा कि समर कैंप में बेसिक के बच्चों ने ढेरों नवाचार सीखा जो उनकी उत्कृष्टता बढ़ाने व स्कूल के प्रति रुचि बढ़ाने का कार्य करेगा।
आयोजन सफल बनाने में सभी खंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षामित्र, अनुदेशक और प्रथमा फाउंडेशन का सहयोग सराहनीय रहा। इंद्रजीत ओझा, धन्नू चौहान, भूपेंद्र सिंह, हरेराम गौतम, अरविंद विश्वकर्मा, विनोद गुप्ता मौजूद रहे।