महराजगंज। जिलाधिकारी अनुनय झा ने सोमवार को भूमि विवाद संबंधी मामलों को लेकर कलक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक की। उन्होंने भूमि विवाद सेल को भूमि विवादों के मामले तेजी से निपटाने के निर्देश दिए।
कहा कि भूमि विवाद से संबंधित मामलों में अनिवार्य रूप से राजस्व और पुलिस की टीम संयुक्त स्थलीय निरीक्षण कर स्पॉट मेमो प्रस्तुत करें। स्थलीय निरीक्षण के समय यथासंभव मामले का निस्तारण मौके पर ही दोनों पक्षों की सहमति अथवा उपस्थिति में करें। निस्तारण गुणवत्तापूर्ण तरीके से करें। स्पॉट मेमो में स्थलीय निरीक्षण की फोटो संलग्न करें। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने कहा कि सोनौली, बृजमनगंज और सिंदुरिया थाने को भूमि विवाद के प्रकरण में समय से आख्या प्रस्तुत करें।
भूमि विवाद सेल में कुल 287 मामले आए। इनमें 113 मामलों में निस्तारण से दोनों पक्ष संतुष्ट थे, जबकि 42 मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं। भूमि विवाद सेल में ईडीएम राजी अख्तर, उपनिरीक्षक बृजेश यादव और आरक्षी अंकित यादव व विनय गुप्ता तैनात हैं। इस दौरान अपर जिलाधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा, सभी एसडीएम व तहसीलदार उपस्थित रहे।