मिठौरा/सिंदुरिया। सिंदुरिया थानाक्षेत्र के ग्राम सभा बड़हरा मीर जाने वाले मोड़ पर स्कूल से घर जा रही 13 वर्षीय छात्रा की बाइक की चपेट में आने से घटना स्थल पर मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची सिंदुरिया थाने की पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बड़हरा मीर निवासी हंसराज प्रजापति की पुत्री महिमा (13) जो कंचनपुर चौराहे पर स्थित एक स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा थी। साइकिल से पढ़ने मंगलवार को स्कूल गई थी। दोपहर 2:45 बजे स्कूल से छुट्टी होने पर साइकिल से घर जा रही थी। वह सिंदुरिया शिकारपुर मार्ग पर बड़हरा मीर जाने वाले मोड़ के पास पहुंची थी, तभी सिंदुरिया से शिकारपुर मार्ग पर जा रहे बाइक चालक ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में महिमा की मौके पर ही मौत हो गई। महिमा की मौत से माता रुचि सहित परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। बाइक लेकर भाग रहे चालक और सवार को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। थाना प्रभारी सिंदुरिया महेंद्र कुमार सिंह का कहना है शव को कब्जे में लिया गया है। तहरीर के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।