महराजगंज। आज शाम चार बजे से छह बजे तक होने वाले आबकारी ई-लाॅटरी आयोजन को लेकर बुधवार की देर रात तक सभी इंतजाम पुख्ता किए गए हैं। सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण डीएम अनुनय झा और सीडीओ अनुराज जैन ने किया।
कार्यक्रम के नोडल एसडीएम सदर और जिला आबकारी अधिकारी अधिकारी उपस्थित रहे। 285 अंग्रेजी व बियर की दुकान के लिए 1900 से अधिक लोगों ने आवेदन किया है। प्रदेश आबकारी आयुक्त के निर्देशानुसार बृहस्पतिवार की शाम कलक्ट्रेट में अंग्रेजी शराब व बियर की दुकानों का आवंटन ई-लाॅटरी से किया जाएगा।
इसको लेकर कलक्ट्रेट परिसर में ई-लाॅटरी के लिए पंडाल बनाया गया है। पंडाल में प्रक्रिया को सुगमता से देखने के लिए बड़ी स्क्रीन लगाई गई है। साथ ही रोशनी के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है। पंडाल में बैठने के लिए कुर्सियों की पर्याप्त व्यवस्था की गई है। पंडाल के बगल में पेयजल का इंतजाम होगा।
पंडाल में प्रवेश उसी को मिलेगा जिसके पास फोटो युक्त आवेदन स्लिप होगी। एडीएम डाॅ. पंकज वर्मा ने बताया कि पूरे दिन कलक्ट्रेट की तरफ किसी प्रकार का वाहन नहीं दाखिल हो सकेगा। इसके लिए एसपी ऑफिस और एआरटीओ ऑफिस के मध्य, सदर तहसील के सामने और लोहिया पार्क के निकट बैरीकेडिंग लगाई गई है। यहां पर्याप्त सुरक्षा कर्मी मौजूद रहेंगे।