महराजगंज। नेपाल सीमा पर सुरक्षा कर्मियों ने सख्ती बढ़ा दी है। शुक्रवार को कई स्थानों से 22 बोरी प्याज, 10 बोरी यूरिया, 15 बोरी धान बरामद कर कस्टम को सौंप दिया। भगवानपुर टोला रघुनाथपुर, मुर्दहिया घाट, बजरडिहवा ईंट भट्ठे के पास सुरक्षा कर्मियों ने नेपाल जाने से पहले सामान बरामद कर लिया। सरहद पर सख्ती बढ़ने से तस्करों में हड़कंप मच गया है। पगडंडियों पर निगरानी तेज कर दी गई है।
सशस्त्र सीमा बल 66वीं वाहिनी के बीओपी हरदीडाली के जवानों ने गश्त के दौरान भारत-नेपाल सीमा के मुर्दहिया घाट के पास से यूरिया खाद, धान व साइकिल बरामद हुई है। असिस्टेंट कमांडेंट परमात्मा सिंह ने बताया कि शुक्रवार को हरदीडाली बीओपी के जवान गश्त पर थे। मुर्दहिया घाट के पास भारतीय सीमा क्षेत्र की तरफ से कुछ लोग साइकिल पर बोरा लेकर नेपाल जाने की फिराक में थे। जवानों को देखते ही सामान छोड़कर तस्कर नेपाल सीमा में प्रवेश कर गए। आठ बोरी यूरिया खाद, 15 बोरी धान व दो साइकिल बरामद हुई।
भगवानपुर टोला रघुनाथपुर से नो मेंस लैंड जाने वाले रास्ते से पांच बोरी प्याज व दो बोरा भारत यूरिया खाद लावारिश खाद बरामद कर कस्टम को सौंप दिया गया।
सोनाली कोतवाली क्षेत्र के खनुआ गांव के बजरडिहवा ईंट भठ्ठे के पास से प्याज, साइकिल बरामद कर एक आरोपी को पकड़कर कस्टम को सौंप दिया। खनुआ चौकी प्रभारी गंगाराम यादव ने बताया कि खनुआ गांव की पगडंडी पर बजरडिहवा ईंट-भट्ठे के पास प्याज एकत्रित कर नेपाल भेजने की कोशिश कर रहे थे। टीम ने एक आरोपी को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रामू यादव निवासी खनुआ थाना सोनौली बताया। उसके पास से बरामद 17 बोरी प्याज व एक साइकिल बरामद कर कस्टम को सौंप दिया गया।