रोडवेज की अनुबंधित बस सेवा एक सप्ताह से बंद
यात्रियों को गोरखपुर जाने के लिए ज्यादा रकम करना पड रहा खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
चौक बाजार। स्थानीय क्षेत्र के टीकर चौराहे से चौक होते हुए गोरखपुर जाने वाली रोडवेज बस की सेवा कई दिनों से बंद है। जिससे ग्रामीणों को गोरखपुर आने जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार टीकर चौराहे से गोरखपुर के लिए रोडवेज की एक अनुबंधित बस चलती थी। बस सुबह सात बजे टीकर से गोरखपुर के लिए जाती थी। जिससे यहां के लोग गोरखपुर की यात्रा आसानी से कर पाते थे, लेकिन एक सप्ताह से बस नहीं चल रही है। जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।
बस का संचालन नहीं होने से पडरी खुर्द, सेखुई, वनग्राम वासी, खोस्टा, टीकर, परसौनी, सोहगौरा, करौता, रुदलापुर, पिपरा सोनाड़ी, ओबरी, चौक, समेत अन्य गांव के लोग परेशान हैं।
बस का संचालन बंद हो जाने से गोरखपुर जाने आने में काफी दिक्कत हो रही है। सड़क पर खड़े होकर ऑटो का इंतजार करना पड़ता है। समय से नियत स्थान पर पहुंचने में काफी दिक्कत हो रही है। -मंद्रिका, चौक बाजार
अनुबंधित बस नहीं चलने से परेशानी हो रही है। पता नहीं किन कारणों से बस का संचालन बंद हो गया है। जिम्मेदारों को जनता की समस्याओं से मतलब नहीं रह गया है। -प्रेम चौहान, बरगदही बसंतनाथ
निजी बस चलती है, वह भी कब जाएगी, कोई निश्चित नहीं रहता है। अनुबंधित बस गोरखपुर जाने में 100 रुपया किराया लगता है, लेकिन नीजी बस, जीप से जाने में 30 रुपये अतिरिक्त खर्च करना पड़ता है। -राजकिशोर प्रजापति, चौक बाजार
बस नहीं चलने से यात्रा करने में काफी परेशानी हो रही है। धूप में सड़क किनारे खड़े होकर ऑटो या फिर प्राइवेट वाहन का इंतजार करना पड़ता है। -दीपक वर्मा, चौक बाजार
सवारियों को कम मिलने के कारण बस का संचलन बंद कर दिया गया। अगर इस रूट पर सवारियों की संख्या ठीक रही तो आने वाले दिनों में अनुबंधित बस सेवा फिर शुरू हो जाएगी। -महेंद्र पांडेय, एआरएम, महराजगंज डिपो