सर्द-गर्म मौसम के चलते पेट के रोगों में हुआ इजाफा
सोमवार जिला अस्पताल में 623 रोगियों का उपचार
महराजगंज। घटता-बढ़ता तापमान सर्दी जुकाम बुखार के अलावा पेट संबंधी रोगों कोे बढ़ा रहा है। पेट में दर्द, गैस व अपच जैसी समस्या लेकर ओपीडी में अधिक संख्या में लोग पहुंच रहे। जिला अस्पताल में सोमवार को 23 रोगी पेट संबंधी रोग के मिले। इनकी जांच रिपोर्ट के आधार चिकित्सकों ने दवा परामर्श के साथ खानपान में सावधानी बरतने की सलाह दी।
सोमवार को जिला अस्पताल में कुल 623 रोगियों का उपचार हुआ। सर्वाधिक संख्या में सर्दी, जुकाम, बुखार के रोगी रहे। नए रोगियों में उदर रोग से पीड़ित मिलें। इनकी जांच रिपोर्ट देखकर डॉ. रंजन ने दवाओं का परामर्श और खानपान में एहतियात बरतने की जानकारी दी। बताया कि मौसम में बदलाव के कारण खानपान में सावधानी न बरतने वाले पेट की समस्याओं की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में पेट दर्द, गैस, अपच, खट्टी डकार और पेट भारी होने की समस्या बढ़ी है। ऐसे रोगियों को दवा परामर्श के साथ खानपान में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई। खानपान में स्वच्छता व ताजा खाद्य लेने की सलाह दी गई।
ऐसे करें बचाव
- ऐसे खाद्य के सेवन से बचें जो गरिष्ठ व अधिक तेल मसाले से तैयार किए गए हों।
- भोजन में फल और हरी पत्तेदार सब्जियां शामिल करें।
- बाहर की चीजों को खाने से परहेज करें। फास्ट फूड व डब्बा बंद खाद्य नुकसान पहुंचाते हैं।
- भरपूर मात्रा में पानी का सेवन करें।
- बिना जांच कराए व परामर्श लिए किसी तरह का उपचार शुरू करने से परहेज करें।