महराजगंज। नवनिर्मित अत्याधुनिक बस स्टेशन का मंगलवार को सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने उद्घाटन किया। यहां पर सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक का कार्यालय भी बना है। इससे समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। दो मंजिला भवन में यात्रियों को एक ही छत के नीचे अत्याधुनिक सुविधाएं मिलेंगी। भवन में अत्याधुनिक कैंटीन, वेटिंग एरिया और शौचालय, पार्किंग की सुविधा मिलेगी। वहीं एआरएम कक्ष, पूछताछ केंद्र, अधिकारी, कर्मचारी कार्यालय भी बना है।
जानकारी के अनुसार, नवंबर 2021 से बस स्टेशन का निर्माण शुरू हुआ था। दो माह पहले ही भवन बनकर तैयार हो गया था। अब इसका लोकार्पण हुआ है। गुजरे वक्त में यात्रियों को सड़क या निर्माणाधीन भवन के बाहर खड़े होकर बस का इंतजार करना पड़ता था। शहर में काॅलेज रोड पर पुराना बस स्टेशन वर्ष 1962 में बना था। यह जर्जर हो गया तो इसे तोड़कर नया बनाने की कवायद शुरू हुई। काफी जद्दोजहद के बाद नए भवन की स्वीकृति मिली। 3.72 करोड़ रुपये से बनने वाले इस भवन के लिए कार्यदायी संस्था आवास-विकास को जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसमें 82 लाख रुपये अवमुक्त होने के बाद नवंबर 2021 में बस स्टेशन के नए भवन के निर्माण का कार्य शुरू हुआ था। तेज गति से काम कराया गया, इससे काम पूरा हो गया। लोकार्पण होने के बाद शहर के लोगों ने खुशी जाहिर की। शहर के रामचंद्र यादव कहते हैं कि गुजरे वक्त में स्टेशन पर बस का इंतजार करने में परेशानी होती थी, लेकिन अब नहीं होगी। अत्याधुनिक स्टेशन बना है। बैठने की सुविधा के साथ-साथ बसों को खड़ा होने की पर्याप्त जगह है।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक सर्वजीत वर्मा ने बताया कि यात्रियों की सुविधा का पूरा ख्याल रखा जा रहा है। स्टेशन बेहतर ढंग से बना है। बसें समय से भेजी जा रही हैं। अब बस का इंतजार करने में यात्रियों को परेशानी नहीं होगी।