सीमावर्ती क्षेत्र में बनेगा स्टेडियम, खिलाड़ियों को मिलेगा बढ़ावा
महराजगंज। जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में खेल व खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। स्टेडियम का निर्माण होने से जहां वहां पर खेल संबंधी गतिविधियां संचालित होंगी, वहीं प्रतिभाओं को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
सीमा क्षेत्र विकास निधि योजना के तहत चयनित ब्लॉक बृजमनगंज, निचलौल, नौतनवां व लक्ष्मीपुर में खेल के विकास के दृष्टिगत कार्य कराया जाना है। खिलाड़ियों को उचित माहौल व संसाधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ऐसे स्थलों पर न सिर्फ दो एकड़ से आठ एकड़ तक की भूमि में स्टेडियम बनाने की योजना है, बल्कि खिलाड़ियों के लिए एक अच्छा प्लेटफार्म तैयार किए जाने की भी कोशिश जारी है। भूमि के लिए युवा कल्याण विभाग की ओर से तहसील प्रशासन से संपर्क स्थापित किया गया है। संभावना है कि जल्द ही भूमि मिल जाएगी। भूमि मिलने के उपरांत प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
------------
इन ग्राम पंचायतों में बन सकते हैं स्टेडियम
प्रभारी जिला युवा कल्याण अधिकारी सुधीर श्रीवास्तव ने बताया कि सीमा क्षेत्र विकास निधि योजना के तहत नौतनवां ब्लॉक के सेमरहना व सुंडी, निचलौल ब्लॉक के ठूठीबारी व बृजमनगंज ब्लॉक के केशौली ग्राम पंचायत में स्टेडियम बनाए जाने की योजना है। तहसील प्रशासन को इनमें भूमि की उपलब्धता संबंधी प्रमाणपत्र देना है। उसके मिलते ही विभाग अग्रिम कवायद प्रारंभ करेगा।
------------------------------
खेल व खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रशासन गंभीर है। सीमा क्षेत्र में स्टेडियम के बनने से युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होगा।
सत्येंद्र कुमार, जिलाधिकारी