महराजगंज। छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने स्कूलों में किशोर स्वास्थ्य क्लब गठित करने का फैसला लिया है। यूपी बोर्ड से मिले पत्र के आधार पर डीआईओएस ने सभी स्कूलों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
जनपद में संचालित 278 माध्यमिक स्कूलों में 1.17 लाख विद्यार्थी नामांकित हैं। किशोर स्वास्थ्य क्लब के गठन का उद्देश्य स्वास्थ्य समस्याओं की रोकथाम करना और विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति सचेत करना है। क्लब में प्रधानाचार्य, महिला व पुरुष शिक्षक, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) और हर कक्षा से चुने गए 10-10 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। एनसीसी, एनएसएस व स्काउट गाइड भी सदस्य बनेंगे। किशोर स्वास्थ्य क्लब युवाओं को पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता, मानसिक स्वास्थ्य, लैंगिक समानता, नशा मुक्ति, हिंसा से बचाव और जोखिम भरे व्यवहार से दूर रहने के लिए जागरूक करेगा।
डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा ने बताया कि यूपी बोर्ड के स्कूलों में किशोर स्वास्थ्य क्लब गठित करने और प्रेरणा पोर्टल पर इसकी गतिविधि अपडेट करने का निर्देश स्कूलों दिए गए हैं।