महराजगंज। साहब! प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास के लिए चक्कर लगा रहीं हूं। पड़ोसी के घर में रहकर गुजर बसर कर रहीं हूं। एक साल गुजर गया, अब कहां फरियाद करूं। ब्लॉक से लेकर जिला मुख्यालय तक चक्कर लगा चुकी हूं। तीन बार शिकायत कर चुकी हूं, लेकिन अब तक समस्या दूर नहीं हुई है।
ये पीड़ा निचलौल की रूखमणी ने निचलौल तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी को सुनाई। जिलाधिकारी अनुनय झा ने संबंधित अधिकारी को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। टिकुलहिया गांव निवासी गुड़िया ने कहा कि 2015 में उनका प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुआ था। एक किस्त मिलने पर मकान नींव डाल दी। उसके से उनके खाते में रुपये नहीं आए। उसके बाद से ही वह संपूर्ण समाधान दिवस में आकर अधिकारियों से फरियाद करती रहीं, लेकिन उन्हें केवल आश्वासन की घुट्टी मिलती है।
निचलौल शहर के घोड़हवा वार्ड निवासनी जमीरून निशा ने कहा कि पति जफरुल्लाह की मौत 15 वर्ष पहले हो चुकी है। पति की मौत के बाद उन्हें निराश्रित पेंशन मिल रहा था, लेकिन दो वर्षों से पेंशन आना बंद हो गया है। संपूर्ण समाधान दिवस में कई बार आकर शिकायत कर चुकी हूं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। औराटार निवासी रीता देवी ने कहा की उसने दो अक्तूबर 2022 को पारिवारिक लाभ के लिए आवेदन किया था, लेकिन उन्हें इस योजना का लाभ नहीं मिल सका।
सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम बागापार टोला बरगदवा निवासिनी दो महिलाओं ने शनिवार को सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में प्रार्थना पत्र देकर अपने भूमिधरी की जमीन पर गांव के एक व्यक्ति पर मिट्टी डालकर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। एसडीएम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हल्का लेखपाल को भूमि की पैमाइश करने का निर्देश दिया। बागापार टोला बरगदवा निवासी इसरावती व सरोज ने बताया कि हमारे बगल के कुछ लोग भूमिधरी की जमीन का मेड़ तोड़ दिए हैं। साथ ही मनमानी ढंग से उसका बंटवारा भी कर लिए हैं।
-
15 मामलों का मौके पर निस्तारित
संपूर्ण समाधान दिवस में 65 मामले आए, जिसमें से 15 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। तहसीलदार निचलौल राजेश कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि समाधान दिवस में 12 मामले राजस्व, 18 मामले पुलिस विभाग और शेष 35 मामले अन्य विभागों से संबंधित थे। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा, एसडीएम सत्य प्रकाश मिश्रा, एसडीएम पंकज कुमार, पीडी राम दरश चौधरी आदि रहे।