निचलौल। तहसील क्षेत्र के बढैपुरवा गांव के उत्तरी सिवान में अवैध मिट्टी खनन का मामला सामने आया है। इसकी सूचना पाकर बुधवार को पुलिस पहुंची तो आरोपी वहां से भाग गए।
बताया जा रहा है कि लोडर मशीन से मिट्टी की खुदाई कर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में भरकर ऊंचे दामों पर बेचा जा रहा था। ग्रामीण बिना अनुमति खनन किए जाने पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
जिला खनन अधिकारी अजीत कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक खनन में लगे लोग वाहन लेकर भाग गए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बढैपुरवा गांव में मिट्टी खनन के लिए कोई अनुमति जारी नहीं की गई है। खनन करते पकड़े जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।