महराजगंज। 26 जनवरी और महाकुंभ को देखते हुए बॉर्डर इलाके में विशेष निगरानी की जा रही है। इस वजह से तस्करों ने रूट बदल दिया है। रक्सौल बॉर्डर से बिहार के रास्ते कुशीनगर होकर तस्कर सामान ला रहे हैं। इसमें मसाले और दालचीनी अधिक आ रही है। सूत्रों की माने तो बिहार क्षेत्र का एक तस्कर इस क्षेत्र में अपना नेटवर्क मजबूत कर रहा है।
महराजगंज जिले से लगी भारत नेपाल सीमा पर सख्ती बढ़ने से तस्करों ने अपना रास्ता बदल दिया है। उनके धंधे पर कोई असर न हो, इसे देखते हुए वे रास्ता बदलकर अपना काम कर रहे हैं। जिले से लगी सीमा से नेपाल से गरम मसालों की तस्करी नहीं हो रही है। बिहार क्षेत्र के रक्सौल बार्डर को तस्करों ने ठिकाना बना रखा है। सूत्रों की माने तो उधर से नेपाल से मसाला लेकर तस्कर चले आते हैं।
भारतीय सीमा में आने के बाद खतरा कम हो जाता है। इसकी मांग के अनुसार महराजगंज, कुशीनगर से लेकर गोरखपुर व कानपुर मंडी तक मसालों की खेप पहुंच रही है। नेपाल से मसाले मंगाने के बाद इसे पहले सुरक्षित स्थान पर रखा जाता है। तस्कर तरीका बदलकर करोड़ों का धंधा चमका रहे हैं। नेपाल से आए मसालों की खेप को ग्रामीण क्षेत्र में खपाया जा रहा है। े