करीब दो लाख रुपये के बताए जा रहे हैं जूते
ठूठीबारी। भारतीय सीमा क्षेत्र से भारी मात्रा में जूतों की तस्करी कर नेपाल ले जाते समय ठूठीबारी कोतवाली पुलिस ने एक तस्कर को पकड़ लिया। विधिक कार्रवाई के लिए आरोपी को कस्टम विभाग को सौंप दिया गया। 20 गत्तों में बरामद 679 ब्रांडेड जूतों की कीमत करीब दो लाख रुपये बताई जा रही है।
ठूठीबारी थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में लक्ष्मीपुर खुर्द पुलिस चौकी इंचार्ज मनीष कुमार तिवारी को शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे मुखबिर से सूचना मिली कि तस्कर भारी मात्रा में जूतों से भरा गत्ता लेकर नेपाल जाने वाले हैं। पुलिस टीम ने लक्ष्मीपुर खुर्द में घेराबंदी करते हुए एक तस्कर को पकड़ लिया। पकड़े गए तस्कर की पहचान लक्ष्मीपुर खुर्द निवासी सानू कुमार यादव (32) के रूप में हुई।
ठूठीबारी कोतवाली प्रभारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि भारी मात्रा में जूतों के साथ सानू यादव निवासी लक्ष्मीपुर खुर्द को गिरफ्तार कर धारा कस्टम अधिनियम के तहत बरामदगी की गई। अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए आरोपी को कस्टम कार्यालय ठूठीबारी को सौंप दिया गया।