पुलिस के अनुसार नेपाल से तस्करी कर लाया गया था सामान
सोनौली। नेपाल सीमा पर सोनौली पुलिस ने पैदल गश्त के दौरान प्रेमनगर कॉलोनी के पास नेपाल से तस्करी कर लाए गए भारी मात्रा में कॉस्मेटिक सामान, टूथपेस्ट और मक्का लावारिस हालत में बरामद किया। पुलिस ने बरामद सामान को सीज कर कस्टम कार्यालय नौतनवा भेज दिया।
बुधवार की दोपहर सोनौली चौकी प्रभारी उमाकांत सरोज और नायब तहसीलदार नौतनवा सौरभ श्रीवास्तव के संयुक्त नेतृत्व में क्षेत्र की निगरानी एवं चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान प्रेमनगर कॉलोनी के पास लावारिस हालत में सामान पड़ा मिला। जांच में क्लोजअप टूथपेस्ट 80 ग्राम के 1,728 पीस, 150 ग्राम के 1,728 पीस, पेप्सोडेंट टूथपेस्ट 100 ग्राम के 288 पीस, फेयर एंड लवली क्रीम 25 ग्राम की 6,336 पीस और मक्का की तीन बोरी बरामद किए गए।
कोतवाल सोनौली महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि बरामद सामान नेपाल से तस्करी कर भारत लाया गया था। सामान को सीज कर चालान करते हुए आवश्यक कार्रवाही के लिए कस्टम कार्यालय नौतनवा को सौंप दिया गया।