बृजमनगंज क्षेत्र के खड़खोड़ा गांव के बाहर लहूलुहान हालत में मिले थे हजारी
फरेंदा। बृजमनगंज पुलिस ने हजारी हत्याकांड के मामले में वांछित चल रहे तीसरे आरोपी को घटना के तीसरे दिन गिरफ्तार कर लिया है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मिश्रौलिया बाजार से आरोपी को हिरासत में लेते हुए न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
मामला बृजमनगंज थाना क्षेत्र के खड़खोड़ा गांव में रविवार रात में गांव के हजारी की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। मामले में हजारी के पिता रामकुमार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तीन नामजद सहित कुछ अन्य लोगों के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज की थी।
तहरीर में खड़खोड़ा थाना बृजमनगंज निवासी विक्रम, कोईल और जरलाहे उर्फ रामकरन को नामजद किया गया था। पुलिस ने मुकदमे में नामित बाल अपचारी को बाल कल्याण अधिकारी के माध्यम से हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह गोरखपुर भेज दिया था। जांच में प्रकाश में आए अन्य दो अभियुक्तों को सोमवार को ही पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है।
मंगलवार की शाम को घटना में वांछित चल रहे तीसरे नामित आरोपी रामकरन उर्फ जरलाहे निवासी खड़खोड़ा को मुखबिर की सूचना पर मिश्रौलिया बाजार में गुजरौलिया गेट के पास से गिरफ्तार किया गया। थानाध्यक्ष मदन मोहन मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।