फरेंदा। साहब! गांव के ही एक व्यक्ति से रास्ता को लेकर करीब दो माह से विवाद चल रहा है। विपक्षी ने रास्ता झोपड़ी डालकर अवरूद्ध कर दिया है। इससे घर से निकलने में काफी परेशानी हो रही है। रास्ता रोकने से मना करती हूं तो विपक्षी गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दे रहा है। समस्या का समाधान कराएं।
ये पीड़ा पुरंदरपुर क्षेत्र के जलालगढ़ निवासी रंजू देवी ने सीओ अनुज कुमार सिंह से थाना समाधान दिवस में बयां की। सीओ ने तत्काल समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। पुरंदरपुर क्षेत्र के रानीपुर निवासी मनोज कुमार ने थाना समाधान दिवस में शिकायती पत्र देकर कहा कि प्रधानमंत्री आवास को लेकर गांव के ही कुछ लोग गाली देते रहते है। विरोध करने पर जान से मारने की भी धमकी देते हैं। आवास को लेकर कई बार शिकायत भी कर चुके हैं।
करमहवां खुर्द निवासी किरन ने गांव के ही कुछ लोगों पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। इस दौरान थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव, उपनिरीक्षक संदीप यादव सहित राजस्व टीम के अधिकारी मौजूद रहे। फरेंदा थाना समाधान दिवस में सीओ अनुज कुमार सिंह व थानाध्यक्ष अजीत प्रताप सिंह ने लोगों की शिकायतें सुनीं। फरेंदा में 10 मामले आए, जिसमें एक का निस्तारण किया गया।
-
गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए दिए दिशा निर्देश
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने थाना सिंदुरिया, थाना निचलौल व पुलिस कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। थाना ‘समाधान दिवस’ के अवसर पर थाना निचलौल और सोहगीबरवा पर आए फरियादियों की समस्याएं सुनीं। राजस्व तथा पुलिस विभाग को सामंजस्य स्थापित कर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए दिशा निर्देश दिए। मौके पर छह मामलों में से तीन का निस्तारण किया गया। सोहगीबरवा का औचक निरीक्षण करते हुए परिसर में सफाई व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। संवाद