महराजगंज। मिठौरा क्षेत्र रेहाव गांव की 70 वर्षीय वृद्ध महिला मुन्नी ने अपने नाती प्रदीप साहनी के साथ मंगलवार को डीएम को ज्ञापन सौंपकर अपने आपको जीवित करने की गुहार लगाई।
उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान व पंचायत सहायक की मिलीभगत से उन्हें कागजों में मृत घोषित कर दिया गया है, जबकि वे पूरी तरह स्वस्थ और जीवित हैं।
मुन्नी ने जिलाधिकारी को दिए गए पत्र में उल्लेख किया कि वह वर्षों से वृद्धा पेंशन की पात्र लाभार्थी रही हैं। मई माह में जब वह वृद्धा पेंशन के संबंध में जानकारी लेने पहुंची तो उन्हें बताया गया कि 12 मार्च के बाद से उनकी पेंशन बंद कर दी गई है। पूछताछ में सामने आया कि रिकॉर्ड में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया है।
वृद्ध महिला ने बताया कि जब उन्होंने बैंक में जाकर स्थिति की जानकारी ली तो पाया कि उनका खाता अभी भी सक्रिय है। उन्होंने 14 अगस्त को स्वयं बैंक से पैसे की निकासी भी की है। इससे यह साबित होता है कि वह जीवित हैं और किसी साजिश के तहत उन्हें कागजों पर मृत दिखाया गया है।
उन्होंने जिलाधिकारी से गुहार लगाई है कि इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही उनकी वृद्धा पेंशन को तत्काल प्रभाव से पुनः शुरू कराए जाने की मांग की है। ताकि उन्हें आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े।