फरेंदा। साहब जिस रकबे में मैं अपना मकान बना रहा हूं उसी में दो महिलाएं भी बैनामादार हैं। दोनों दबंगों के संपर्क में रहती हैं। जमीन का अधिक रकबा कब्जा कर निर्माण करना चाहती हैं। इसको लेकर छह माह से विवाद चल रहा है। विवाद में मारपीट भी हो चुकी है। मुकदमा भी चल रहा है। ऐसे में जमीन की पैमाइश कराकर विवाद समाप्त करा दीजिए।
यह गुहार बृजमनगंज क्षेत्र के करमहा के छोटकी मैनहवां निवासी शकुंतला ने शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में एसडीएम नवीन कुमार से अपनी पीड़ा बयां की। पीड़ित ने कहा कि हम जमीन की पैमाइश को लेकर कई बार शिकायत किया लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। बार बार थाने व तहसील का चक्कर लगाते हुए थक चुकी हूं जिसका समाधान चाहिए। जिस पर एसडीएम ने तत्काल थानाध्यक्ष बृजमनगंज व तहसीलदार की संयुक्त टीम मौके पर भेजकर मामले का त्वरित समाधान करने का आदेश दिया।
वहीं करमहां के अनिरूद्धपुर निवासी वंशराज ने एसडीएम को शिकायती पत्र देकर कहा कि पुरानी रंजिश को लेकर बड़ा भाई दबंगई के बल पर रास्ते में ईंट गिराकर रास्ता को अवरूद्ध कर दिया है जिसका विरोध करने पर उसके चार बेटे मारने के लिए दौड़ा लिए थे। किसी तरह से भाग कर जान बचाया अब हमेसा मारने की धमकी दे रहे हैं। एसडीएम ने तत्काल पुलिस व राजस्व विभाग को भेज कर समाधान करने का आदेश दिया।
करमहां के ही ग्रामीण इसरार, महंथ, वकील अहमद, शैलेष यादव व मुहम्मद सलीम ने पत्र देकर कहा कब्रिस्तान की जमीन के बगल में एक व्यक्ति मकान बनवा रहा है,जबरन कब्रिस्तान की जमीन की तरफ खिड़की खोल रहा है। मना करने पर मारपीट पर आमदा हो जा रहा है। जांच करा कर खिड़की को बंद कराने की मांग की। मामले के निस्तारण के लिए टीम भेज दिया गया। इस दौरान पुलिस क्षेत्राधिकारी अनिरूद्ध कुमार, नायब तहसीलदार अंकित अग्रवाल, थानाध्यक्ष श्यामसुंदर तिवारी सहित राजस्व व पुलिस टीम मौजूद रहे।