फोटो-जिले में बृहस्पतिवार को मनाया गया सशस्त्र सेना झंडा दिवस
संवाद न्यूज एजेंसी
महराजगंज। देश की सीमा को सुरक्षित रखने में सैनिकों की भूमिका अहम है। सभी को देश की शान बनाए रखने में अहम भूमिका निभाने वाले सैनिकों के प्रति आदर व सम्मान की भावना को बनाए रखना होगा।
ये बातें जिलाधिकारी अनुनय झा ने सशस्त्र सेना झंडा दिवस कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सभी लोग अधिक से अधिक झंडा लगाएं व सैनिकों के कल्याणार्थ अपना योगदान दें। जिला सैनिक कल्याण एवं पुर्नवास अधिकारी ने बताया कि झंडा के एवज में प्राप्त होने वाली सहयोग राशि का उपयोग सेना में कार्यरत एवं सेवानिवृत्त सैनिकों व उनके परिवार के कल्याण के लिए किया जाता है। विभागीय कर्मियों ने इसके बाद मुख्य विकास अधिकारी संतोष कुमार राय, अपर पुलिस अधीक्षक आतिश कुमार सिंह समेत अन्य अधिकारियों को भी झंडा लगाने का कार्य किया। इसके साथ ही शिक्षण संस्थानों में भी एनसीसी कैडेटों, एनएसएस के स्वयंसेवकों व छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को झंडा लगाते हुए उसकी महत्ता को दर्शाने का कार्य किया।
हज यात्रा के लिए 20 तक करें आवेदन
महराजगंज। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नीरज अग्रवाल ने बताया कि हज यात्रा में जाने के इच्छुक अल्पसंख्यक समुदाय के लोग 20 दिसंबर तक अपना आनलाइन आवेदन करें। इसके लिए नोडल अधिकारी नामित किया गया है। संवाद