काम में लापरवाही पर तीन जिम्मेदारों से स्पष्टीकरण मांगा
महराजगंज। लाभार्थियों के बैंक खाते के विवरण को सही कराने में शिथिलता बरतने वाले जिले के तीन ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जिला गन्ना अधिकारी ने सभी से स्पष्टीकरण देने के साथ ही विवरण को सही कराने का साक्ष्य भी प्रस्तुत करने को कहा है।
गन्ना विभाग में जिला योजना के लाभार्थियों को अनुदान आदि का लाभ दिलाने के लिए पात्रता के आधार पर चिन्हित किसानों के बैंक खाते समेत अन्य विवरण को सही कराने के निर्देश दिए गए थे। लेकिन घुघली, सिसवा व गड़ौरा के ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक ने उनका विवरण फीड नहीं किया। विवरण फीड न होने से उन्हें त्वरित रुप से योजना का लाभ मिलने में समस्या आ सकती है। इसे दृष्टिगत रखते हुए विभाग ने तीनों जिम्मेदारों से स्पष्टीकरण मांगा है। जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद्र यादव ने कहा कि दायित्वों में शिथिलता पर तीन ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
किसानों के भुगतान के लिए 90 प्रतिशत धनराशि रखी जाएगी आरक्षित
जिला गन्ना अधिकारी जगदीश चंद्र यादव ने बताया कि गन्ना निदेशक के निर्देश पर अब 50 प्रतिशत से कम भुगतान करने वाली चीनी मिलों की 90 प्रतिशत धनराशि को भुगतान के लिए आरक्षित रखा जाएगा। जिले की जेएचवी शुगर मिल गड़ौरा ही इस श्रेणी में है। ऐसे मेें मिल को शीरा, चीनी व बगास आदि बेचकर प्राप्त होने वाली धनराशि में से व्यक्तिगत खर्चे के लिए दस प्रतिशत धनराशि दी जाएगी, शेष 90 प्रतिशत धनराशि किसानों के भुगतान के लिए रखी जाएगी।