महराजगंज। नगर पंचायत पनियरा में अयोध्या की पूजित अक्षत को लेकर भस्म शोभा यात्रा गाजे-बाजे के साथ निकली गई। यात्रा की अगुआई विधायक ज्ञानेंद्र सिंह व ब्लाॅक प्रमुख पनियरा वेदप्रकाश शुक्ल ने की। यात्रा पनियरा ब्लाॅक से निकल कर पूरे बाजार में घूम कर वापस ब्लाॅक में सभा में परिवर्तित हो गई।
जिला प्रचार प्रमुख जीवेश मिश्रा ने कहा कि हिंदू समाज के वर्षों संघर्ष के बाद 22 जनवरी को श्रीराम अपने घर में विराजेंगे। देश-विदेश के 4000 से अधिक साधू संत इस सुंदर पल का गवाह बनेंगे। वहीं, 3000 से अधिक प्रमुख लोग भी शामिल होंगे। जिन लोगों को आयोजन में शामिल होना है, उन्हें निमंत्रण भेजा जा रहा है।
22 जनवरी को स्थानीय मंदिरों में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए निमंत्रण देने के लिए राम भक्त शहर से लेकर गांव तक जाएंगे। एक जनवरी से 15 जनवरी तक पूरे देश में विशेष अभियान चलेगा। अयोध्या से आए हुए पूजित अक्षत कलशों को हर प्रखंडों में दिया गया। प्रखंडों के पदाधिकारी हर घर अपने गांव, मोहल्ला और टोला तक पहुंचकर निमंत्रण पत्रिका पूजित अक्षत देकर हर हिंदू को आमंत्रित करेंगे। इस शोभा यात्रा में खंड संचालक रामचंद्र यादव, सहखंड कार्यवाह योगेंद्र यादव, रुपेश शर्मा, सीपीएन, गुड्डू सिंह, चेयरमैन उमेश जायसवाल मौजूद रहे।