मिठौरा। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा भागाटार निवासी शिवधर का शव तीसरे दिन सोमवार को देवरिया शाखा की बड़ी नारायणी नहर में मोतीपुर नहर फाटक के पास उतराया मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सिंदुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम सभा भागाटार निवासी शिवधर (46) की शनिवार की शाम को स्नान करते समय डूब गया था। शिवधर की खोजबीन करने के बाद पता नहीं चलने से नाराज परिजनों ने रविवार की सुबह करीब सात बजे सड़क जाम कर दिया था। उसके बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया। रविवार को एनडीआरएफ की टीम ने दिन भर शिवधर को ढूंढ़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता हाथ नहीं लगी। सोमवार की सुबह मोतीपुर नहर फाटक के पास नहर के किनारे शिवधर का शव उतराया मिला। शिवधर के परिवार में माता सावित्री, पत्नी सरोज, बच्चे मधुरी, अमित, सुकरन हैं। थाना प्रभारी सिंदुरिया अजित प्रताप सिंह का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। संवाद