इन सड़कों के बनने से एक लाख की आबादी को फायदा मिलेगा
महराजगंज। जिले में बदहाल सात सड़कों की जल्द ही मरम्मत की जाएगी। इसके लिए प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग की ओर से टेंडर जारी किया गया है। क्षतिग्रस्त सड़कों का कायाकल्प होने से लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। इस पर कुल दो करोड़ रुपये खर्च होंगे। वर्तमान में इन सड़कों की हालत बेहद खराब हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग की ओर से जिले के बदहाल हो चुकी सात सड़कों की मरम्मत के लिए एक साल पहले डीपीआर बनाकर स्वीकृति के लिए शासन को पत्र भेजा था। बजट की मंजूरी मिलने के बाद विभाग की ओर से टेंडर जारी किया जा चुका है। इसके लिए बाड़ बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रक्रिया पूरा होने के बाद मरम्मत का काम शुरू होगा।
निचनौल ब्लाॅक के सीएसएनटीएन मार्ग से सबया दक्षिण टोला तक सड़क क्षतिग्रस्त है। इस सड़क से होकर आने जाने वाले राहगीरों को बहुत दिक्कत होती है। ग्रामीण बबलू ने बताया कि एक सप्ताह पहले मां को मोटर साइकिल से इलाज के लिए निचलौल सीएचसी पर लेकर जा रहे थे। इस दौरान सड़क में गिरने से घायल हो गए। गनीमत रही कि ज्यादा चोंटें नहीं आईं। इसके अलावा डोमा बढ़या संपर्क की हालत बहुत खराब हो चुकी है। राहगीर मनोज ने बताया कि जरूरी काम से निचलौल ब्लॉक जा रहा था। मोटर साइकिल से गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गया। सबया दक्षिण टोला, डोमा बढ़या संपर्क मार्ग, गेड़हवा से सकरदीनही नेपाल बॉर्डर तक संपर्क मार्ग के साथ हरपुर-भिटौली संपर्क मार्ग, झुलनीपुर मेन कैनाल से नहर तक संपर्क, पीडब्लूडी रोड से गुरली संपर्क मार्ग तक, पीडब्लूडी से लोहरौली संपर्क मार्ग की मरम्मत होगी। इन सड़कों को बनने से करीब एक लाख आबादी को आवागमन में विशेष सुविधा मिलेगी।
प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग अधिशासी अभियंता धर्मपाल सिंह ने बताया कि जिले के सात जर्जर सड़कों की जल्द ही मरम्मत होगी। इसके लिए टेंडर जारी हो गया है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद मरम्मत शुरू करा दी जाएगी।