मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के तहत कराया जाएगा विकास कार्य
महराजगंज। नगर पंचायत घुघली में जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की ओर से सात प्रमुख सड़कों का कायाकल्प कराया जाएगा। इन सीसी सड़कों के निर्माण पर 3.71 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यह कार्य मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित एवं मलिन बस्ती विकास योजना के अंतर्गत कराया जाएगा।
डूडा अधिकारी प्रेमशंकर पांडेय ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत घुघली नगर पंचायत के चार वार्डों में सात सड़कों का निर्माण प्रस्तावित है। विभाग द्वारा टेंडर प्रक्रिया जल्द पूरी कराकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि लंबे समय से खराब पड़ी सड़कों के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। सड़क बनने से नागरिकों को राहत मिलेगी।
योजना के अंतर्गत वार्ड नंबर एक सरस्वती नगर, वार्ड नंबर चार अग्रसेन नगर, वार्ड नंबर पांच नेहरू नगर और वार्ड नंबर आठ श्याम नगर में सड़क का निर्माण कराया जाएगा। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण की स्वीकृति पर खुशी जताई है। नागरिकों का कहना है कि सड़क बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। डूडा विभाग के अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कराया जाएगा तथा समयबद्ध तरीके से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा।